KAILASA Library/जीवन मुक्ति/नियमSign in
जीवन मुक्ति

नियम

This text was machine-transcribed from the printed book and may contain errors. Select the words and choose “Report a mistake”.

नियमों को तोड़ने की स्वाभाविक प्रवृत्ति-

जब कभी भी कोई बाध्यकारी नियम होता है, आप सदा ही उसे तोड़ना चाहते हैं। उदाहरण के लिए, जब आप पुलिस वाले को नहीं देखते, तो निश्चय ही अपनी गाड़ी की गति तेज कर देते हैं और ट्रैफिक लाइट की परवाह नहीं करते।

एक छोटी कहानी -

एक पुलिस वाले ने मुख्य मार्ग पर तेज गति से जाती गाड़ी को रोक लिया। जब उससे चालक लाइसेंस मांग गया तो उसने उत्तर दिया, 'किन्तु श्रीमानजी, मैं तो बस अपनी कार और पिछली कार के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने का प्रयास कर रहा था।

जब आप नियमों की मनोवृत्ति को समझे बिना उनका अंधानुकरण करते हैं, तो ऐसा ही होता है। आप उन्हें तोड़ने के लिए बहाने बनाने की प्रतीक्षा करते हैं।

ईमानदारी से उत्तर दीजिए- यदि कोई नियम न होते, जो कुछ आपने किया उसे जांचने वाला कोई न होता, तो क्या आप वैसे ही व्यक्ति होते जैसे कि आप आज हैं। क्या आप चीजों को वैसे ही कर रहे होते जैसे कि आप कर रहे हैं? यदि आपका उत्तर न है, तो स्पष्टरूप से जान लीजिए कि नियम आपके नियमबद्ध अंतकरण से आ रहे हैं, न कि आपकी सचेतना से। आपने नियमों की श्रृंखला को अंतर्निहित नहीं किया है या फिर आप नियम से सहमत नहीं हैं। यही कारण है कि आप चीजों को अपने स्वाभाविक तौर पर नहीं कर रहे हैं।

'न' का रोमांच

आप देख सकते हैं, कि जब आप बच्चों को कोई काम न करने के लिए कहते हैं, तो वे उसी काम को करने के लिए लालयित रहते हैं। जब तक आप यह नहीं कहते कि यह काम करना है या नहीं करना है, तबतक वह उस काम की परवाह भी नहीं करते। किन्तु जिस पल आप उन्हें कुछ न करने के लिए कहते हो, तो आप उन्हें वही काम करते हुए देख सकते हो।

एक छोटी कहानी -

एक व्यक्ति कहता है, 'किसी काम को करने के मेरे पास तीन तरीके हैं।' उसके मित्र ने पूछा, 'वे तीन तरीके कौन-से हैं?'

उस व्यक्ति ने उत्तर दिया, 'पहला, उस काम को स्वयं करो। दूसरा, किसी दूसरे से यह काम करा लो। तीसरा, अपने बच्चों से कहो, कि यह काम मत करना। बस! यह काम हो जायेगा।

वास्तव में, जो आप नहीं करने की सोच रहे हैं, उसे करने में एक रोमांच होता है। अधिकतर समय, यदि आपसे कुछ न, करने के लिए कहा जाता है, तो उस काम को करने की आपमें एक तत्काल इच्छा विकसित होती है। ऐसा करके आपको आनंद की अनुभूति होती है या संतुष्टि प्राप्त होती है। यही प्रत्येक मनुष्य की मूल प्रवृत्ति होती है।

एक छोटी कहानी-

एक बार एक दुकानदार अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए कठिन प्रयास कर रहा था। उसने बहुत से विकल्पों का इस्तेमाल किया - छूट देना, विज्ञापन कराना, बेहतर ग्राहक सेवा। किन्तु कुछ भी कारगर नहीं था। फिर एक दिन, उसने अपनी दुकान पर एक काला पर्दा टांग दिया और उसमें एक छोटा-सा सुराख कर दिया। सुराख के नीचे उसने एक बोर्ड लगा दिया जिस पर लिखा था, 'झांकना मना है।' उस दिन से उसने देखा कि उसकी दुकान पर भीड़ लग रही है। हर कोई उस सुराख के पीछे क्या है, इसे जानने के लिए उत्सुक था। उसकी दुकान की बिक्री स्वतः ही बढ़ गयी क्योंकि लोग अब उसकी दुकान पर विभिन्न प्रकार का पंसारी का सामान देख सकते थे।

जब आपसे कुछ न करने के लिए कहा जाता है, तो मनुष्य की मूल प्रवृत्ति उसी काम को करने की होती है।

किशोरावस्था में जब आप अपने माता-पिता को किसी काम के लिए 'न' कर देते हैं, तो आपको ऐसा एहसास होता है कि आपने सिद्ध कर दिया है कि आप स्वतंत्र हैं। जब आप 'न' कहते हैं, तो आपको अनुभूति होती है कि आपने सिद्ध कर दिया है कि आप कुछ विशेष हैं, कुछ अलग हैं। जबतक आप 'हाँ' कहते हैं, तबतक आपको यही अनुभूति होती है कि आप बच्चे हैं। जब आप 'न' कहना शुरू कर देते हैं, तो आपको यह अनुभूति होती है कि आप वयस्क हो गए हैं।

आपको महसूस होता है कि अपने पिता को 'न' कहकर आप बड़े हो गए हैं, अब तक आप बच्चे थे। यह सिद्ध करने के लिए कि अब आप बड़े हो गए हैं आप अपने पिता को 'न' कहते हैं। यही मूल मनोविज्ञान है। जब आप 'न' कहते हैं, तो आपको लगता है कि आप कुछ हैं, लेकिन इससे पहले आपको लगता था कि आप कुछ नहीं हैं। इसीलिए कृपया, स्पष्टरूप से जान लीजिए कि जो कुछ आप कहते हैं, आपका बड़ा होता पुत्र उस पर 'न' कहने जा रहा है, क्योंकि वह भी कुछ होना चाहता है।

मृत नियम बनाम सजीव प्रज्ञा

समय बीत जाने पर, अनेक नियम जिनका पहले कभी अर्थ था बाद में बिना अर्थ वाले कोरे नियम रह जाते हैं।

भारत में, बिजली के अविष्कार से पूर्व, दर्जी सुई की मदद से हाथ से कपड़े सिलते थे और वह भी लालटेन की धीमी रोशनी में। इसीलिए दिन छिपने के बाद कपड़ों को नहीं सिला जाता था क्योंकि मोमबत्ती या लालटेन आंखों पर असर डालती थी। इसीलिए सारा कार्य दिन के दौरान ही होता था।

किन्तु आज भी भारत में, घर के वृद्ध लोग कहते हैं, 'संध्या होने के बाद कपड़े सिलना अच्छा नहीं होता!' रात में कपड़े न सिलने का औचित्य आज समाप्त हो चुका है। किन्तु यह उनके लिए संस्कार बन चुका है, जबकि इसका इसके वास्तविक उद्देश्य से कोई लेनादेना नहीं है।

एक छोटी कहानी -

एक बार एक पैराशूट से कूदने वाले व्यक्ति का टीवी पर इंटरव्यू आ रहा था। इंटरव्यूकर्त्ता ने कहा, 'आपका जीवन वाकई बहुत रोमांचक है।

पैराशूटधारी ने कहा, 'हां, इसमें

डरावने पल हैं।'

इंटरव्यूकर्त्ता ने कहा, 'आपके जीवन का सर्वाधिक चिंतित करने वाला अनुभव कौन-सा रहा हैं?'

पैराशूटधारी ने उत्तर दिया, 'जब मैं किसी घर के बगीचे में उतर रहा था, तो मैंने साईन पर पढ़ा, 'घास से दूर रहें।'

जब आपके पास उचित प्रज्ञा या समझ नहीं होती हैं, तो घटनाएं आपके जीवन में मृत नियम बन जाती हैं।

जब आपके पास समझ होती है, तो कोई भी उचित नियम एक सुखद जीवन जीने के लिए मित्रवत तकनीक बन जाता है। नियम व कर्मकाण्ड वास्तव में आपके ज्ञान-प्राप्ति की तकनीकें हैं। जब मैं ज्ञान-प्राप्ति की बात करता हूँ, तो इसका अर्थ है सुस्पष्टता सहित एक आनंदमय जीवन। निस्संदेह, जब आप ऐसा गहन जीवन जीते हैं, तो यह आपको ज्ञान प्राप्ति की परम अवस्था तक ले जाता है।

एक छोटी कहानी -

एक रेलवे अधिकारी ने रेलगाड़ी में एक हत्या की रिपोर्ट की, 'हत्यारे ने डिब्बे में घुसकर मृतक पर चाकू से कई बार प्रहार किया। फिर उस पिछले दरवाजे से रेल की पटरी पर कूदकर उसने रेलगाड़ी को छोड़ा और इस प्रकार उसने रेल नियमों का उल्लंघन किया।'

वास्तव में, जो आप
नहीं करने की
सोच रहे हैं, उसे
करने में एक
रोमांच होता है।

जब आपको उचित समझ नहीं होती, तो आप सारी चीज गंवा देते हैं, और मूर्खतापूर्ण ढंग से कार्य करते हैं। जब आपको उचित समझ आ जाती है, तो आप जान जाते हैं कि कोई भी नियम आपके और आपके आसपास के लोगों के लिए एक सुखद और आनंदमय जीवन जीने के लिए बना है।

जब नियम को भाव मालूम हो जाते हैं, तो फिर उसके साथ काम करने में कोई अड़चन पैदा नहीं होती। तालमेल बैठाकर आपके कार्य में रस होगा और इसके प्रति आनन्दपूर्ण प्रतिबद्धता होगी। परन्तु यदि नियम के भावों में चूक होती है तो आप सब कुछ गंवा देते हैं। जीवन नीरस और प्राणविहीन हो जाता है।

उदाहरण के लिए ध्यान को ही लीजिए। ध्यान बाहरी दुनिया के शोरगुल और परिस्थितियों से बिना प्रभावित हुए भीतरी प्रवेश करने के लिए किया जाता है। मैंने देखा है कि कुछ लोग अपनी ध्यान तकनीक आरम्भ करने से पहले, बाहरी शोरगुल और परिस्थितियों को नियंत्रित करने का प्रयास करते हैं। वे लोगों के पास जाकर शांत हो जाने के लिए कहते हैं। वे कहते हैं कि हमें ध्यान करना है इसीलिए आप लोग शांत हो जाइए।

सभी नियमों और कानूनों की उत्पत्ति एक मधुर जीवन जीने के लिए की गयी थी। इस समझ के साथ कि मैं आपको नहीं मारूंगा और आप मुझे नहीं मारोगे। और हम दोनों ही एक सुखद जीवन जीयेंगे। इसी मूलभूत आवश्यकता के लिए उन्हें बनाया गया था। हालांकि, समय बीत जाने के बाद, वे केवल नियम रह जाते हैं।

सभी नियमों और कानूनों की उत्पत्ति एक सुखद और सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने के लिए की जाती है किन्तु जिस पल आप बिना समझ के इन नियमों को अंतस्थ करना शुरू कर देते हैं, तो उसी पल आप अपराध-बोध का सृजन करते हैं। जब तक आप एक समझ के साथ नियमों का पालन करते हैं, तब तक आप खुश रहते हैं। किन्तु जब आप नियम के भाव की अपेक्षा शब्दों का अनुसरण शुरू कर देते हैं, उसी क्षण आप अपराध-बोध का सृजन शुरू कर देते हैं

जब आप नियमों से बचना चाहते हैं, तो आप क्या करते हैं? आप सिर्फ नियम के शब्दों को पकड़ लेते हैं, और उनके पीछे के भावों को छोड़ देते हैं। तब आप वैधानिक तौर पर शब्दों के साथ कार्य करते हैं और नियम से बच जाते हैं। जब आप शब्दों को पकड़ लेते हैं, तो आप नौकरशाह बन जाते हैं और भावों को गंवा देते हैं।जब आप नियमों के भावों को पकड़ते हैं, तभी आप बिना अपराध-बोध के एक बुद्धिमान व्यक्ति बनते हैं।

उपयोगी अपराध-बोध

एक विशेष अपराध-बोध होता है जो आपके लिए उपयोगी होता है। यह ऐसा अपराध-बोध होता है जिसका यदि आप अनुसरण करें तो आप जीवन में काफी आगे बढ़ सकते हैं। यह इस तरह है- जब आप देखते हैं कि आपके पास कुछ करने की क्षमता है, और जब आपको यह अनुभूति होती है कि आपके पास इतनी क्षमता है किन्तु आप उसका पूर्णरूप से उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, तो यदि आप बुद्धिमान हैं, तो आपको अपराध-बोध होगा। यह अपराध-बोध आपको अधिक तेजी से काम करने के लिए प्रेरित करता है जिससे कि आपकी समस्त क्षमता का उपयोग हो सके।

कभी-कभी हम अपने आस-पास ऐसी परिस्थितियां देखते जिनके विषय में हमारा मन कहता है कि यह स्थितियां आसानी से सुलझायी जा सकती हैं किन्तु या तो आलस के कारण या फिर संघर्ष या विवाद के भय से या फिर जिम्मेदारी लेने के भय से हम चुप बैठे रहते हैं और देखते रहते हैं। इस तरह की स्थिति हमारे भीतर गहन अपराध-बोध का कारण बन सकती है। यह अपराधबोध काफी महत्वपूर्ण है। यदि हम वास्तव में जो चाहते हैं उसे करके स्थिति को सुधार लेते हैं, तो अपराध-बोध विलुप्त हो जायेगा और हम भी काफी आगे बढ़ जायेंगे। इस प्रकार के अपराध-बोध में योग्यता होती है कि वह आपको जो किया जाना है उसके लिए प्रेरित करता है। इसके स्वभाव के कारण, आप इस अपराध-बोध को लम्बे समय तक छिपा कर नहीं रख पाते। आपको इससे सफलतापूर्वक निपटना है। और इससे निपटने का एकमात्र मार्ग है करने योग्य कार्यों को करना।

एक बार जब आप ऐसा कर लेते हैं, तो अपराधबोध भी गायब हो जाता है। जितने समय तक आप बिना कोई कदम उठाए इस अपराध-बोध को छिपाए रहते हैं, उतने समय तक ही आप इससे पीड़ित रहते हैं। इस अपराध-बोध का यही एक साधारण तर्क है।

इस अपराध-बोध के घटित होने का एक अन्य संकेत यह है कि कुछ निश्चित परिस्थितियों में आपका अहम प्रकट हो रहा है और आप इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं। आपको अपने अहम की अनुभूति हो रही है, किन्तु आप इस पर नियंत्रण करने में असमर्थ हैं। तब आपको इस अपराध-बोध का सामना करना होता है। यह अपराध-बोध भी उपयोगी है क्योंकि यह आपके अपने अहम के प्रति गहन सजगता का चिन्ह है। यह अपराध-बोध भी आपको अपने अहम का बहिष्कार करके सुचारू ढंग से अपने कार्य को करने की प्रेरणा प्रदान करता है।

अपराध-बोध शारीरिक बीमारी का कारण बन सकता है

अपराध-बोध निश्चित तौर पर प्रज्ञा के लिए घातक है। मेरे अनुसार, अपराध-बोध प्रज्ञा को मार डालता है। यह कभी भी आपको आपके जीवन में आगे नहीं बढ़ने देता।

एक बार मेरे भक्तों में से एक को रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर हो गया। बीस वर्षों से वह ट्यूमर से पीड़ित रही। वह मेरे पास आकर शिकायत करने लगी, 'कृपया मेरी मदद करो, मेरा उपचार करो। मैं कितने वर्षों से इस ट्यूमर से पीड़ित हूँ। सर्जरी कराने के उपरांत यह फिर से हो गया।'

मैंने समस्या की मूल वजह का पता लगाने के लिए उससे धीमे से बात करनी शुरू की। मैंने उससे कुछ प्रश्न पूछे। और अंत में वह रो पड़ी। मैंने उससे पूछा, 'क्या तुम्हें अपनी यौन ऊर्जा से संबंधित कोई अपराध-बोध है?' उसने विस्तारपूर्वक धीमे स्वर में बताया।

उसने कहा कि जब वह छोटी थी तो उसके साथ शारीरिक तौर से अशोभनीय व्यवहार किया गया था। उसके एक निकट के रिश्तेदार ने वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। यह अपराध-बोध उसके साथ रह गया। उसने कहा, 'मैं अपने शरीर के उस अंग से घृणा करने लगी। मैं यह अनुभूति करने लगी कि वह अंग मेरे शरीर में विद्यमान नहीं होना चाहिए। मैंने यह महसूस किया कि शरीर का वो अंग मेरा नहीं है। उस व्यक्ति के प्रति मेरी घृणा मेरे स्वयं के शरीर की घृणा बन गई।'

उसकी घृणा अत्यंत गहन थी। मैं निरंतर उससे बात करता रहा। धीरे-धीरे उसने और भी काफी कुछ बतलाया। जब उसने अपने उस अपराध-बोध को बाहर निकाला तो वह अपराध-बोध से मुक्त हो गई। उसका मनोवैज्ञानिक तरीके से उपचार हो गया।

उस स्थान पर ध्यान करने के लिए मैंने उसे एक छोटी सी ध्यान तकनीक बतलायी। मैंने उससे कहा, 'उस व्यक्ति के प्रति अपने क्रोध को अभिव्यक्त करो। चिल्लाओ, रोओ, आंसू बहाओ, मारो। दरवाजे बंद कर लो, एक तकिया लो, कल्पना करो कि यह तकिया ही वह व्यक्ति है और इस पर अपना क्रोध दिखलाओ। और उसके बाद शांत होकर बैठ जाओ और यह अनुभव करो कि शरीर का वह अंग भी तुम्हारा ही है। शरीर के उस अंग के प्रति प्रेम दर्शाओ।'

आप आश्चर्यचकित होंगे कि केवल दस दिनों में उसका ट्यूमर विलुप्त हो गया। उसके फिर लक्षण नहीं दिखलाई पड़े।

हमारी अधिकतर व्याधियां मनोवैज्ञानिक बाधाओं के कारण होती हैं जहां अपराध-बोध महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है।

अधिकतर समय, हमारा ऊर्जा प्रवाह अपराध-बोध के कारण अवरोधित हो जाता है। अगर आप गहनता से देखें, कि आप आगे बढ़ने में समर्थ नहीं होते हैं, आप निर्णय लेने में समर्थ नहीं होते हैं, जब आपको भय लगता है, तो इसके पीछे आपका कोई न कोई अपराधबोध छिपकर बैठा होता है।

स्वीकृति - एक सुंदर पर्याय

स्वीकृति एक सुंदर पर्याय है जो आपको अतीत और भविष्य की बीच की खींच-तान से मुक्ति दिलाता है। स्वीकृति के साथ आप सीधे वर्तमान के साथ जुड़ जाते हैं। पहली चीज आपको बाहरी संसार की समस्त घटनाओं और भीतरी संसार की समस्त घटनाओं को स्वीकार करना है। बाहरी और भीतरी संसार के साथ आपकी जो भी समस्याएं हैं, आपको उन्हें पूर्णतया के साथ स्वीकार करना है। उन सभी समस्याओं के सूची बनाओ और पूर्णता के साथ उन्हें स्वीकार करो।

समस्त अपराध-बोध, गलतियों और असफलताओं को स्वीकार करो। यदि आप स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, तो इस बात को भी स्वीकार करो कि आप स्वीकार नहीं कर सकते। तब आप तनावमुक्त हो जायेंगे, और अपराधबोध आपके मन से निकल जायेगा।

केवल इस छोटे से प्रयोग को करो-

पूर्ण स्वीकृति के साथ तीन दिन तक तनावमुक्त रहो। यदि आप बिना भीतरी और बाहरी खींचतान के तीन दिन तक तनावमुक्त रह पाते हैं, तो क्या आपका धन चला जायेगा? निश्चिततौर पर नहीं! इसीलिए कोई परेशानी नहीं है। तीन दिन में आप अपना कुछ भी तो नहीं खोयेंगे। तो फिर आप कोशिश करके क्यों नहीं देखते? केवल तीन दिन के लिए, निष्ठापूर्वक, पूर्णतया के साथ, सौ प्रतिशत रूप से अपने जीवन के हर चीज को स्वीकार करो। यथावत स्वीकार कर लें।

अगर आप सौ प्रतिशत तक स्वीकार करने में समर्थ नहीं हैं, तो आप इस बात को स्वीकार करो कि आप सौ प्रतिशत तक स्वीकार करने में समर्थ नहीं हैं। यहां तक कि यह स्वीकृति, 'मैं स्वयं को भीतरी और बाहरी संसार में स्वीकार करने में समर्थ नहीं हूँ' ही आपको अतीत और भविष्य के मध्य की खींचतान से मुक्त कर देगी। जिस पल आप यह समझ लेते हैं, 'मैं इच्छाओं और भय की खींचतान से मुक्त होने में समर्थ नहीं हूँ, मैं अपनी वास्तविकता को स्वीकार करने में असमर्थ हूँ।' ठीक इसी समझ से आपका काम हो जायेगा।

यदि आप तीन दिन, बाहरी और भीतरी संसार से तनावमुक्त होकर वर्तमान पल में पहुंच सकते हैं,तो आपको एक झलक दिखलाई पड़ेगी - जीवन क्या है? वर्तमान पल में रहने का क्या अर्थ है? यदि आपके साथ ऐसा होता है तो आप ऐसे परम आनंद का अनुभव करेंगे ऐसी रिक्तता का अनुभव करेंगे जिसका आपने कभी भी अनुभव नहीं किया होगा।

आप अपने पिछले तीस वर्ष के दर्शन पर जी रहे होंगे। केवल तीन दिन के लिए बाहरी दुनिया में किसी को बदलने की कोशिश मत करो।

आप देखेंगे कि जब आप इतनी महान तकनीक के साथ प्रयोग करते हैं तो इससे आपके भीतर एक चमत्कार होता है। आपके भीतर परिवर्तन शुरू हो जाता है। यदि आप निश्चल बनने में समर्थ नहीं हैं, तो स्वीकार करें कि आप ऐसा नहीं कर सकते। केवल यही निष्ठा पर्याप्त है। आप अपने भीतर एक भिन्न रिक्त स्थल देखना प्रारंभ करेंगे।

ध्यान तकनीक

मस्तिष्क से हृदय तक

नीचे बैठ जाएं और अपनी आंखें बंद कर लें। कुछ मिनटों के लिए धीमी और गहरी सांस लें। इसके साथ ही, यह विचार करें कि आपका सिर आपके हृदय, आपकी छाती पर दबाव डाल रहा है। अब पूर्णतया सिर विहीन हो जाएं। अब आपका सिर नहीं है। आप सिर विहीन हैं। यह अनुभव करो कि आप हृदय से सांस ले रहे हो। अनुभव करो कि आप हृदय से देख रहे हो। यह अनुभव करो कि आप अपनी हृदय से सूंघ रहे हो। स्पष्ट रूप से यह अनुभव करो कि आप हृदय से सांस ले रहे हो। हृदय से सुनो, हृदय से देखो, और हृदय से महसूस करो।

खड़े हो जाओ। हृदय से सचेतना प्राप्त करो और अपनी गतिविधियों को जितना संभव हो उतना धीमी गति से करो। घूमो मत। सिर्फ अपने शरीर को चारों और धीरेधीरे घुमाओ। याद रखो आप हृदय से गति कर रहे हो। आपका केन्द्र हृदय है, न कि सिर। सिर को भूल जाओ। हृदय से गति करो। यही याद रखो कि आप सिर विहीन हैं।

एक स्थान पर खड़े हो जाओ। अब, धीरे-धीरे गति बढ़ा दो, बहुत ही धीरे-धीरे। याद रखो हृदय से गति करनी है, न कि सिर से। अपने सिर को भूल जाओ। आप सिर विहीन होकर आगे बढ़ रहे हैं।

(कुछ मिनट बाद)

जहां हो वहां बैठ जाओ। बस बिना सिर के। अपने हृदय के साथ बैठ जाओ। तनावमुक्त हो जाओ।

(कुछ मिनट बाद)

धीरे-धीरे, बहुत धीरे-धीरे अपनी आंखें खोल लें।