KAILASA Library/ध्यान एक अन्तर्यात्रा/प्रारम्भ करने के लिए कुछ प्रश्नSign in
ध्यान एक अन्तर्यात्रा

प्रारम्भ करने के लिए कुछ प्रश्न

This text was machine-transcribed from the printed book and may contain errors. Select the words and choose “Report a mistake”.

ध्यान की आवश्यकता क्यों?

प्रारम्भ करने के लिए यह प्रश्न बिल्कुल सही है!

ध्यान क्यों?

क्या सच में हमारे जीवन में ध्यान की आवश्यकता है?

मैं पूछता हूं, आप यही किताब क्यों पढ़ रहे हैं?

इस क्षण आप जो भी किताबें पढ़ सकते थे, उसमें से आपने यही किताब पढ़ने के लिए चुनी ।

आपकी प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि आपके भीतर ध्यान की आवश्यकता है और केवल आप में ही नहीं हम सब में है।

आपके जीवन का अन्तिम लक्ष्य क्या है?

अधिक कमाना ?

हमेशा जवान, स्वस्थ, सुन्दर बने रहना?

बेहतर और स्थायी रिश्ते को अपनाना?

अपने व्यक्तित्व में अधिक से अधिक निखार लाना?

यह एक ऐसी सूची है जो कभी खत्म नहीं होगी। हर इंसान का लक्ष्य अलग होता है। परन्तु बिना अपवाद के हर लक्ष्य का एक ही अतिंम लक्ष्य होता है- आनंद की अवस्था अथवा परम सुख को प्राप्त करने की तीव्र इच्छा ।

हम सभी लोग जीवन में जाने अनजाने आनंद की खोज करते हैं। क्या कोई भी व्यक्ति यह कह सकता है कि मेरी आनंद में कोई रूचि नहीं है? मुझे परम सुख प्राप्त हो या न हो मुझे इसकी कोई परवाह नहीं।

हम सभी आनंद की खोज करते हैं। अलग-अलग व्यक्ति आनंद को विभिन्न नामों से व्यक्त करता है । कोई इसे बौद्धिकता का नाम देता तो कोई व्यवहार कुशलता का । नाम चाहे जितने भी हों सच तो यही है कि हम सभी लोग आनंद को खोजते फिरते हैं, केवल तरीके अलग-अलग हैं।

कोई रूपये में खोजता है, तो कोई शक्ति अथवा रिश्तों में या दैनिक जीवन की हास्यास्पद एवं दर्दनाक घटनाओं में। आनंद ही हमारे जीवन का एकमात्र प्रेरणा स्रोत है।

यदि हम जीवन भर आनंद की खोज कर रहे हैं तो वह हमें अभी तक मिला क्यों नहीं?

क्योंकि आनंद की खोज हम अचेतन मन से करते हैं। ९९ प्रतिशत लोग इस बात के प्रति जागरूक ही नहीं हैं कि आनंद ही उनका एकमात्र और अतिंम लक्ष्य है। अधिकांश लोगों को इतना ही पता है कि उनकी जिंदगी में कुछ कमी है, एक खालीपन है जो धन, रिश्ते या संपत्ति से नहीं भरा जा सकता।

मुझे बताइए, अब तक आपने बाहरी दुनिया से क्या पाया जिसका मूल्य स्थायी हो?

फिर भी हम खोजना बंद नहीं करते ।

हम लोग अनजान हैं इसलिए हम आनंद की खोज अपने बाहर करते हैं।

हम पूरी दुनिया में उसी की तलाश करते हैं जो हमारे भीतर ही विद्यमान है!

विश्वास करें या नहीं, आनंद हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है! आनंद ही हमारी सही प्रकृति है।

एक छोटी सी कहानी :

एक दिन शाम को कुंवर कुलजीत अपने घर के सामने व्याकुल होकर कुछ खोज रहा था। इतने में उसकी पत्नी ने पूछा कि वह क्या खोज रहा है। उसने कहा कि उसका एक सिक्का गिर गया है। इतना सुनते ही वह भी सिक्का खोजने में लग गई। थोड़ी देर में कुछ और लोग जमा हो गये। देखते ही देखते पूरा पड़ोस जुट गया और खोए हुए सिक्के को खोजने लगा।

अचानक एक लड़के ने कुलजीत से पूछा, तुमसे सिक्का ठीक किस जगह गिरा है। हमें वह अभी तक मिला क्यों नही?

कुलजीत ने कहा - सिक्का मुझसे घर के अंदर खोया है।

हैरान होते हुए उस लड़के ने पूछा फिर हम लोग यहां क्यों खोज रहे हैं?

कुलजीत ने कहा - असल में मेरे घर के अंदर अंधेरा है, इसीलिए हम वहां नहीं खोज सकते। हां यहां कम से कम सड़क पर रोशनी तो जल रही है, हम लोग उसी रोशनी में सिक्का खोज तो सकते हैं।

हम अपने जीवन में यही तो करते हैं। गलत जगहों पर सही उत्तर खोजने में हम माहिर हैं। अपने आपको खोजने की कोशिश हम हर जगह करते हैं - धन में, शक्ति में, रिश्ते या विचारधारा में । परन्तु हम सबसे सरल दिशा की ओर नहीं देखते - अपने भीतर ।

जागरूकता की पहली सीढ़ी आपको महसूस करायेगी की सिक्का आपने घर के अंदर खोया है, तब अपने आप ही सड़कों पर उसे ढूंढना बन्द कर देंगे।

ध्यान और कुछ नहीं बल्कि अपने अन्दर छिपे आनंद की अवस्था को खोजने की तैयारी भर है।

आनन्द को सड़कों पर खोजने की व्यर्थता को आप जिस पल समझ जाएंगे, उसी पल आप ध्यान के लिए तैयार हो जाएंगे।

आनंद की अवस्था का क्या अर्थ है? क्या इसका अनुभव केवलध्यान से ही हो सकता है?

मैं आनंद को समझाने के लिए सैकड़ों तरीकों का प्रयोग कर सकता हूं लेकिन वह आपकी समझ में तभी आएगा जब आप उसका अनुभव करेंगे। खैर मैं आपको इसका अर्थ समझाने की कोशिश करता हूं।

जीवन में हम सभी को खुशी के कुछ पल मिले होंगे परन्तु इसके पीछे कोई न कोई कारण अवश्य होता है।

क्या यह गलत है?

आप तभी खुश होते हैं जब आपको पदोन्नति मिलती है, आप की बीमारी ठीक हो जाती है या नई गाड़ी खरीदते हैं (आपके पड़ोसी की गाड़ी खराब होने पर भी आप खुश हो जाते हैं)

जब आप खुश होते हैं तो आपको लगता है कि कुछ भी हो जाए यह खुशी कम नही होगी । परन्तु उसी दिन आपका अपने पति या पत्नी से झगड़ा होता है और आपको लगने लगता है कि आपका जीवन कष्टों से भरा है। देखा जाए तो खुशी कभी अकेले नहीं आती । वह हमेशा अपने साथ दुखों को भी लाती है। जिन्दगी में सुख के पलों की जो अवस्था होती है वह ज्यादा दिन नहीं टिकती । जब यह अवस्था बदल जाती है तो बहुत दर्द होता है अर्थात खुशी के खत्म होते ही उसकी जगह गम ले लेता है। जो आनंद बिना किसी कारण के मिले वह स्थायी होता है क्योंकि यह घटना पर निर्भर नहीं करता ।

आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि आनंद का अर्थ खुशी नहीं है। यह आपकी वह अवस्था है जो न कभी कम हो सकता है, न ही कोई छीन सकता है।

आनंद (परम् सुख) सुखद अवस्था को नहीं कहते हैं। आनंद की अवस्था का अनुभव आपको तभी होगा जब आप गम और खुशी को बहुत पीछे छोड़ देंगे। आनंद वह शांत अवस्था है जिसमें गम और खुशी आपके लिए निरर्थक हो जाएंगे। 'स्थायी और बेवजह शांति' ही आनंद की अवस्था है।

ध्यान आनन्द को अनुभव करने का एकमात्र रास्ता नहीं है पर निश्चित मार्ग अवश्य है। ध्यान से दैनिक जीवन के झमेले बहुत पीछे छूट जाते हैं । जब आप ध्यान लगाते हैं तो आप अपने शरीर, अपने अहम् की संकुचित सीमा के बाहर फैलते हैं एक बार आप सबमें स्वयं को विलीन करने का अनुभव प्राप्त कर लेंगे तो आपके दैनिक सुख दुख में स्वतः ही कमी आने लगेगी। बौद्धिक तरीके से इस धारणा को समझाना आसान नहीं है परन्तु सच्चे ध्यान से आप आनन्द का अनुभव करेंगे, इसकी एक झलक पाएंगे और तभी आप समझेंगे।

हमारे सामान्य जीवन में, हमें कभी आंनद का अनुभव नहीं हुआ। हमें यह भी मालूम नहीं कि 'बेवजह खुशी' भी सम्भव है! फिर आनंद की तीव्र इच्छा क्यों?

तीव्र इच्छा इसलिए होती है क्योंकि यह स्वाभाविक है।

मुझे समझाने दें :

तैत्रेया उपनिषद के एक बहुत ही सुंदर श्लोक के अनुसार

इथास आत्मनह आकाशस्य सम्भूतः

आकाशात वायुहू, वायोर अग्निहि

अग्नेर आपाहा आपह पृथ्विही

पृथ्वियोर औषधः

इस श्लोक में यह बताया गया है कि किस प्रकार पंच तत्व-पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं अंतरिक्ष से ब्रह्मांड का निर्माण हुआ है। इन्हीं पंच तत्वों से मनुष्य का भी निर्माण हुआ है। यही मनुष्य का स्रोत है। वह हमेशा ही अपने स्रोत की ओर लौटना चाहता है इसलिए सदा ही पंच तत्व से अपने आपको बांधे रखने की तीव्र इच्छा उसमें होती है। मूर्ति पूजा से मनुष्य अपने को बांधे रखता है पृथ्वी की शक्ति से। पवित्र नदियों में डुबकी लगा के जल शक्ति से, यज्ञ और होम के द्वारा अग्नि की शक्ति से और मंत्रों का उच्चारण करके वायु शक्ति से। इन सारे तरीकों से वह यह साबित करता है कि आज भी मनुष्य पंच तत्वों से नाता नहीं तोड़ सकता। वह पंच तत्वों के सुर में सुर मिलाता है। यह सब बाहरी तरीके हैं अपने आपको पंच तत्व से जोड़ने का। आकाश की सूक्ष्म, उच्च शुद्ध शक्ति तक पहुंचने के लिए बाहरी तरीके काम नहीं आते हैं इसका अनुभव तो अंदर से किया जाता है। ध्यान ही वह माध्यम है जिससे हम आकाश की ऊर्जा से अपने सुर जोड़ सकते हैं।

जब हम ध्यान में प्रवेश करते हैं, तो परिधि को बंद कर देते हैं। इस अवस्था में हम एक खोई हुई कड़ी, हम और हमारे स्रोत अविष्कार करते हैं। हम अपने स्रोत में लौट जाते हैं। हमें पूर्णता का अहसास होता है। सुरक्षा का अहसास होता है। इसीलिए ध्यान आपको आनंद या परम सुख की ऊंचाई तक ले जाती है।

आनंद की तीव्र इच्छा और कुछ नहीं प्राकृतिक अवस्था में लौटने की कामना है। आपको पता हो या न हो, आप जागरूक हों या न हों हम सबके भीतर ध्यान की तीव्र इच्छा होती है।

ध्यान का अर्थ क्या है?

ध्यान की अलग-अलग कई परिभाषाएं हैं।

विभिन्न गुरुओं ने इसकी व्याख्या अपने-अपने अनुभवों के आधार पर की है, या उन व्यक्तियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जिनसे वे बात कर रहे हों।

ध्यान प्रार्थना है।

ध्यान वह विधि है जिससे हम अपने भीतर छिपे खजाने का अविष्कार करते हैं।

ध्यान वह तकनीक है जो आपको ब्रह्मांड की शक्ति से जोड़ने में मदद करता है।

सभी वाक्य सही हैं। मैं आपको बताता हूं- ध्यान पल में आनन्दित होना है! आप अगर इस पल शांति से हैं तो आप ध्यान की अवस्था में ही हैं। आपको कुछ भी करने की आवश्यकता नहीं है।

क्या सभी लोग ध्यान लगाना सीख सकते है?

आपको ध्यान सीखने की आवश्यकता नहीं है।

आप तो ध्यानी हैं ही!

आपकों जिंदगी के उस पल को याद करिये जब आपने चरम सौंदर्य का अनुभव किया।

अचानक ही सूर्य एक पहाड़ के पीछे से उगता है, या पहली बार आपने बहुत सुरीला संगीत सुना हो।

ऐसे ही किसी पल में आप पूरी तरह स्थिर हो जाते हैं, बिल्कुलस्तब्ध!

क्या हमने ऐसे पलों का अनुभव नहीं किया है?

इस पल को ध्यान कहते हैं।

असीम सौंदर्य की मौजूदगी के किसी पल में आप और कुछ नहीं सोच सकते। आप केवल चुप हो जाते हैं, उस सौंदर्य के प्रति जागरूक होकर। इस पल को ध्यान ही तो कहेंगें।

कुछ पलों के बाद, आपकी बोलने की आंतरिक क्षमता जाग उठती है। तब आपका दिमाग कहता है, कितना सुंदर सूर्योदय है।

आपका दिमाग सुरीले संगीत की तुलना किसी दूसरे संगीत से करता है जिसे आपने कहीं सुना हो।

इसका मतलब है आप ध्यान से बाहर आ चुके हैं।

ध्यान और कुछ नहीं बल्कि शांत और आंनददायक अवस्था में रहना है।

आप इस अवस्था को सीख नहीं सकते। केवल इसका अनुभव कर सकते हैं।

इस बात का ख्याल रखें - आप ध्यान ‘कर’ नहीं सकते ध्यान की अवस्था आप पर तभी निखरती है जब आप अपनी सारी क्रियाएं करना बंद कर देंगे। क्रिया केवल शारीरिक ही नहीं सोचना भी एक क्रिया है, चिंतन भी एक कर्म है।

जब आप अपनी सारी क्रियाएं, सारी सोच, सारे कार्य, सारी भावनाएं त्याग देते हैं। तब जो बचता है वही ध्यान है।

ध्यान ही अस्तित्व है।

जेन गुरू की कहानी के अनुसार - ध्यान, वर्तमान पल को बिना विरोध अनुभव करना है।

इसी तरह आंनद वह परिणाम नहीं है जिसे आप कड़ी मेहनत से प्राप्त करते हैं। आप आनंद को ‘पा’ नही सकते! केवल आनंद में विभोर हो सकते हैं।

फिर हमें ध्यान के तकनीकों की आवश्यकता क्यों होती है?

ध्यान की तकनीकें आपको कुछ पाने में सहायता करने के लिए नहीं है। यह आप को कुछ याद रखने में मदद करते है, अगर मैं अचानक आपसे कहूं, आनंद में जाओ क्या यह संभव है? आपको तो यह भी नहीं पता कि आनंद आपकी प्राकृतिक अवस्था है। और जब आप नहीं जानेंगे तो ध्यान के तरीके आपको और उलझाने वाले और भयावह लगेंगे। ध्यान में प्रवेश करना एक छोर रहित समुद्र में प्रवेश करने के समान है। जब आप तैरना सीख रहे हैं तो क्या आप अपने आपसीधे समुद्र में कूदेंगे। नहीं!

आपको मार्ग दर्शन के लिए प्रकाश स्तम्भ की आवश्यकता होगी। तैरते रहने के लिए जीवन पेटी की आवश्यकता होगी।

इसी तरह जब आप ध्यान लगाने का प्रयत्न करते हैं तो आपको कुछ विधियों की आवश्यकता होगी, एक मार्ग दर्शन की जरूरत होगी जो आपके लिए सबसे उपयुक्त हो यह बताएगा कि क्या करना स्वाभाविक है।

ध्यान की तकनीकें भी जीवन पेटी के अलावा और कुछ नहीं हैं। एक बार ध्यान आपके जीवन का अंग बन जाए आप इन औपचारिक तकनीकों को छोड़ देंगे।

मुझे प्रतिदिन कितने घंटे ध्यान लगाने की आवश्यकता है?

घंटों का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता। जब कोई चीज जिंदगी का अंग बन जाती है तो इस बात का कोई मतलब नहीं है कि उसमें कितने घंटे प्रतिदिन व्यतीत होंगे। यह तो ऐसी बात हुई 'मैं प्रतिदिन कितनी देर तक सांस लूंगा'। मैंने पहले ही कहा है कि ध्यान को आपकी जिंदगी से जोड़ा नहीं जा सकता।

आप यह नहीं कह सकते कि 'मैं प्रतिदिन इतने घंटे ध्यान में लगाऊंगा और बाकी का समय मैं वैसे ही बिताऊंगा जैसे अभी बिताता हूं।'

ध्यान आपके भीतर एक असाधारण बदलाव चाहता है। यह आपके जीवन शैली को पूरी तरह से बदल देता है।

बीज आपके अंदर मौजूद है परंतु उसे पेड़ में परिवर्तित होने और फलने-फूलने के लिए बीज का पहले फूटना आवश्यक है।

आपको स्वयं में हो रहे इस फूटन को स्वीकार करना होगा। जब आप सच्चे मन से ध्यान का अभ्यास करेंगे तो यह अपने आप ही होगा। परंतु आपके अंदर फूटने के लिए पूरी तरह बदलने की इच्छा होनी चाहिए।

ध्यान पुनर्जन्म से कम नहीं है! आपके अंदर मौत का सामना करने की शक्ति होनी चाहिए - आपकी अपनी मौत! और आप एक संपूर्ण नये व्यक्ति के रूप में जन्म लेंगे।

ध्यान के क्या लाभ हैं?

ध्यान आपको पूरी तरह से बदलने की शक्ति रखता है-वह शारीरिक रूप से हो, मानसिक, भावनात्मक या आध्यात्मिक रूप से हो।

ध्यान के जो लाभ शरीर पर होते हैं वह तो जग प्रसिद्ध है।

ध्यान से उच्च रक्त चाप व खून में शर्करा को नियंत्रित किया जा सकता है। रोगों से लड़ने की शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। कुछ प्रकार के त्वचा रोग, अस्थमा व गठिया जैसी पुरानी बीमारी भी ध्यान के द्वारा ठीक हो सकती है। ध्यान की शक्ति से कोई भी बीमारी भाग नहीं सकती।

हां ध्यान दवा या चिकित्सा का पूरक हो सकता है उसकी जगह नहीं ले सकता।

मानसिक स्तर पर ध्यान विचारों में स्पष्टता व क्रियापद परिवर्तन को बढ़ाता है। विचारों के बीच में रिक्त स्थान बढ़ते हैं। ध्यान एक निश्चित तरीका है एकाग्रता व स्मरण शक्ति बढ़ाने का। यह आपको बुद्धि सम्पन्न व्यक्ति से बुद्धिमान बनाती है। बुद्धिमान होने से किसी भी स्थिति में सृजनात्मक व रचनात्मक तरीके से जवाब देने की क्षमता बढ़ती है। यह कला आप सीख नहीं सकते वरन् ध्यान करने से यह अपने आप ही निखरता है।

ध्यान के आध्यात्मिक लाभ बहुत से हैं। ध्यान आपको ब्रह्मांड की अनंत शक्तियों के सीधे संपर्क में लाता है। ध्यान आपके सामने उस द्वार को खोलता है जिससे आप अपने भीतर छिपे हुए दैवीय शक्ति का आविष्कार करते हैं। सच में कहा जाए तो ध्यान शब्दों से परे है। इसके लाभ अनुभव करने के हैं। व्याख्या करने के नहीं ।

अगर ध्यान चौबिस घंटे चलने वाली विधि है, तो जीवन कैसे चल सकता है?

यदि हमेशा मेरा ध्यान केवल अस्तित्व पर ही केंद्रित रहे, तो मैं दूसरे काम कैसे कर पाऊंगा?

ध्यान कार्य विरोधी नहीं है। आप उसी अवस्था में रहते हुए कई कामों को एक साथ कर सकते हैं। आपको आवश्यकता है अपने आप में परेशान न होने के कौशल को सीखने की। बाहरी कार्य या अकर्मण्यता यहां अप्रासंगिक है। इस विधि के दो भाग हैं।

सबसे पहले आपको अपने अन्तर्तात्मा को स्पर्श करने की आवश्यकता है। सबसे पहले आपको समझना होगा कि ऐसी कोई वस्तु विद्यमान है। अपने आप में होने की अवस्था का आनंद लेना सीखें। पहले पहले जब आप ध्यान में बैठेंगे तो इसको प्रतिदिन केवल आधे घंटे या एक घंटे के लिए ही कर सकेंगे।

एक बार आप इस अवस्था में सहज महसूस करने लगें तो इसकी अवधि को बढ़ाने की कोशिश कीजिए और इस अवधि को औपचारिक ध्यान की अवधि के बाहर ही बढ़ाएं।

आप छोटे छोटे कामों से शुरूआत कर सकते हैं: ध्यान को केंद्र बिन्दु बनाकर रखने की कोशिश करें जब आप खाना खा रहे हों, चल रहे हों, बरतन धो रहे हों। एक बार आप यह सब कर सकेंगे तो जटिल कार्यों की ओर बढ़ सकेंगे।

आपकी दिनचर्या साधारण ढंग से चलती रहती है। सही मायने में आप अपने जीवन का निर्वाह बेहतर ढंग से कर सकेंगे। आपकी एकाग्रता बढ़ेगी, आप अधिक स्पष्ट होंगे, अधिक जागरूक और सृजनशील बनेंगे।

हां भीतर ही भीतर आप गहरी बाधा रहित शांति का अनुभव करेंगे क्योंकि अब आप कुछ कर नहीं रहे हैं केवल देख रहे हैं।

यही ध्यान का पूर्ण रहस्य है आप दृष्टा एवं अपने ही कार्यों और भावनाओं का साक्षी बन जाते है?

जब आप अपने ही कर्मों का साक्षी बनने लगेंगे तो आप समझेंगे कि आप के भीतर कोई ऐसा है जो कभी नहीं बदलता, गुस्सा या दुखी नहीं होता, धन सुरक्षा या यश की चिंता नहीं करता। यही असली आप हैं। बाकी तो एक व्यक्ति है जो आपने अपने इर्द गिर्द बनाया है। एक बार आपको पता चल जाएगा आप वो नहीं हैं जो काम करता है, गुस्सा होता है, दर्द का अहसास करता है या तनाव में रहता है- आप एक प्रबल आजादी का अनुभव करेंगे।

यह ध्यान से ही संभव है।

ध्यान से आपको ऐसी मुक्ति मिलती है जैसी आपको पहले कभी न मिली हो अपने आप से मुक्ति, आपके द्वारा बनाए गये व्यक्तित्व की सीमा से मुक्ति।

ध्यान तक पहुंचने का सही मार्ग कौन-सा है?

अच्छा सवाल है।

उस तक ईमानदारी के साथ पहुंचें।

मैं आपको ध्यान में विश्वास या अविश्वास करने के लिए नहीं कह रहा हूं।

मैं आस्था रखने के लिए भी नहीं कह रहा हूं।

मैं भरोसा रखने के लिए कह रहा हूं।

आस्था किसी पर बना बनाया श्रद्धा है। भरोसा केवल प्रयोग में खुलापन है।

तो अपना दिमाग खुला रखिए और ध्यान को एक मौका दें।

उत्साही बनें ऐसे किसी चीज के लिए तैयार रहें जो असाधारण हो!

ध्यान तक पहुंचने का दूसरा रास्ता है आशावादिता।

परम सुख की अवस्था केवल योगियों या संयासियों के लिए आरक्षित नहीं है।

परम सुख आपके लिए पूर्णतः अनुभव करने योग्य लक्ष्य है- अगर आप ध्यान से पूरी तरह अपरिचित हों फिर भी।

ध्यान के लिए योग्यता निर्धारित नहीं है।

एक बार एक आदमी महान आध्यात्मिक गुरू रमण महर्षि के पास गया और उनसे पूछा भगवन क्या मैं योग्य हूं आध्यात्मिक जीवन के लिए? रमण ने एक प्रश्न के साथ उसका उत्तर दिया क्या तुम जीवित हो?

आदमी आश्चर्यचकित हो गया।

हां, अवश्य!

रमण ने जवाब दिया यही काफी है, तुम्हारे पास आध्यात्मिकता के लिए निर्धारित योग्यता है।

केवल जीवित रहना ही आध्यात्मिकता के लिए आपकी योग्यता है।

जब दैवीयता आप पर प्रतिबंध नहीं लगाती, आप स्वयं पर प्रतिबंध क्यों लगाते हैं? शुरू करने से पहले स्पष्ट हों: आपका एक निश्चित लक्ष्य होना चाहिए, और आप वहां तक अवश्य पहुंचेंगे।

तीसरा तरीका है प्रफुल्लचित्त रहें!

ध्यान एक बड़ा रोमांच है। देखा जाए तो यह आपके जीवन का सबसे बड़ा प्रयोग है।
ध्यान के विषय में गंभीर हो जाने से आप लक्ष्य को ही खो देंगे।

आध्यात्मिकता कोई गंभीर मसला नहीं है।

ध्यान और कुछ नहीं केवल समझना है कि जीवन एक लीला है, दैवीय नाटक। इसमें गंभीर होने का क्या है।

ध्यान को उत्सव की तरह मनाएं।

सामान्य ढंग से इसका आनंद लें।

चौथा तरीका है धैर्य धरना।

आप जब पहली बार ध्यान लगाने के लिए बैठेंगे तभी आपको दैवीय शक्ति का अनुभव नहीं होगा।

ध्यान शुरू करते ही आप फल की चिंता करना शुरू न करें।

एक छोटी-सी कहानी:

एक बार तीन बंदरों को एक पका हुआ, रसीला आम मिला।

सभी बंदरों की तरह थोड़ी देर वे उस आम के लिए लड़ते रहे।

फिर किन्हीं कारणों से उनमें बुद्धिमानी का एक पल आया और उन्होंने बुद्धिमानी से इस मसले को हल करने का निश्चय किया।

आम को तुरंत खाने के स्थान पर उन्होंने आम को बोने का निश्चय किया। एक बार आम का बीज उगना शुरू हुआ और एक पेड़ बन गया, तो उन तीनों के लिए काफी आम हो जायेगा।

बंदरों ने यह तय किया कि वे मिलकर पेड़ की देखभाल करेंगे

पहले बंदर ने कहा, मैं प्रतिदिन पेड़ में पानी डालूंगा!

दूसरे ने कहा, मैं मिट्टी को स्वस्थ रखूंगा, उसमें खाद डालूंगा और सुनिश्चित करूंगा की पेड़ अच्छी तरह बढ़े।

तीसरे बंदर ने कहा, मैं पेड़ की रक्षा करूंगा और इसे खराब मौसम व जानवरों से बचाऊंगा।

तीन महीना बीत गया फिर भी बीज से पेड़ उगना प्रारम्भ नहीं हुआ।

तब तीनों बंदरों ने अपने भूमिका और कार्यों के बारे में बातचीत करने के लिए आपात्कालीन बैठक बुलाई।

पहले बंदर ने कहा, वादे के मुताबिक मैं बीज में प्रतिदिन पानी डालता हूं। दूसरे बंदर ने कहा, मैंने जैसा वादा किया था मैं मिट्टी में खाद मिला रहा हूं और उसे स्वस्थ बना रहा हूं।

तीसरे बंदर ने कहा, मैनें जो वायदा किया था वह निभा रहा हूं। मैं बीज की रक्षा बहुत ध्यानपूर्वक कर रहा हूं ! इतना ही नहीं मैं रोज बीज को निकालकर देख लेता हूं कि वह उगना शुरू हुआ या नहीं।

इसलिए पहले सत्र में ही चमत्कारों की अपेक्षा करना शुरू न करें।

ध्यान की विधि को अपने भीतर उगने के लिए थोड़ा वक्त दीजिए।

यदि आप तुरंत फल पाने के लिए लालच करेंगे तो विधि को आप अपनी विचारधारा में बसने से रोकेंगे धैर्य रखें नहीं तो आप पूरीविधि के मार्ग में बाधा खड़ी करेंगे ।

पाँचवां तरीका है एकान्त या अकेलेपन का आनंद लेना। ऐसी अवस्था बनाएं जिसमें अपने अंतर में झांकने की कोशिश करेंगे। अकेले रहें, प्रतिदिन कुछ समय खामोशी में बिताएं। अपने आपको मौका दें अपने आंतरिक परिवेश को महसूस करने का। जब ध्यान आपका हिस्सा बन जाए तो यह अवस्था अपने आप ही होती है पर शुरूआत करने वालों के लिए, इस अवस्था को सचेत होकर रक्षा करना होगा।

ध्यान की इतनी सारी तकनीकें हैं मुझे कैसे पता चलेगा कि मेरे लिए कौन-सी तकनीक सही है?

परिणाम से जाएं!

यदि कोई तकनीक आपको अच्छी लगती है तो उसे अपनाएं। इस प्रयास के पीछे अपनी पूरी शक्ति लगाएं। ईमानदारी के साथ इसका अभ्यास करें। पूरी तरह विश्वास करें कि यह आपके लिए सही होगा। कुछ ही दिनों में आप जान जाएंगे कि यह तकनीक आपके लिए सही है या नहीं। शुरूआत में, मैं तो यही कहूंगा कि "बैठने की" तकनीक की जगह "करने की", तकनीक का अभ्यास करें क्योंकि अभी आपके अंदर बहुत ज्यादा अशांति होगी अगर आप शांत बैठकर देखेंगे तो आपको अपने अंदर की अशांति ही दिखेगी।

इसलिए जब आप ध्यान की शुरूआत कर रहे हैं तो 'करने की' तकनीक का चुनाव करें - क्योंकि यह दबी हुई भावनाओं को बाहर निकालने की व पवित्र करने की तकनीकें हैं। यह तकनीकें बाहरी तौर पर क्रियाशील होंगे पर अंदर ही अंदर आपको शांति और खामोशी का अनुभव करायेंगे।

एक बार ध्यान में आप बस जाएंगे, पुराने सारे गतिरोधों को साफ कर लेंगे, तो आप जिस तकनीक को चाहेंगे उसे ही अपना सकते हैं।

किसी तकनीक की सत्यता का अनुमान कैसे लगाएंगे?

यदि किसी तकनीक से आप अधिक सहज, अधिक एकाग्रचित्त,अधिक संवेदनशील महसूस कर रहे हैं तो यह आपके लिए सही है। यदि कोई तकनीक आपको ज्यादा आनंददायक बनाती है, विकसित करने में मदद करती है, अधिक ऊर्जावान बनाती है तो वह आपके लिए सही है।

अगर आपको लगता है कि वह सही नहीं है तो उसे ताक पर रखिये और नये तकनीक का प्रयोग करना शुरू करें।

फल के लिए लोभ न करें, धैर्य रखें एवं हड़बड़ी में सही तकनीक को दरकिनार न करें।

प्रायः आप पहले पांच या आठ तकनीकों को चुनते हैं उनमें से ही कोई एक आपको मिलेगा जो सही हो।

उसका पता लगाएं।

उसे करते रहें।

Portrait of Nithyananda with hands folded in anjali mudra / namaste