ध्यानशील रहन-सहन की ओर
This text was machine-transcribed from the printed book and may contain errors. Select the words and choose “Report a mistake”.
लोग मुझसे पूछते हैं, तपस (प्रायश्चित) क्या है? क्या तपस ध्यान में आवश्यक है।
मैं आपको जो बता रहा हूँ वह तपस नहीं तो और क्या है! शरीर, चिंतन, भावना के साथ क्रिया-तपस नहीं तो क्या है?
तपस का मतलब यह नहीं है कि आप पहाड़ों पर जाएं और सभी तरह के आध्यात्मिक तरीकों को अपनाएँ एवं सभी प्रकार के रीति-रिवाजों को निभाएं।
तपस का मतलब यह नहीं है कि आप भोजन और वस्त्र के बिना रहें, या किसी अंधेरी गुफा में रहें, अथवा अपने शरीर को किसी भी तरह का कष्ट दें। अगर आप अपने शरीर को किसी भी तरह से वंचित रखेंगे, तो आपका मन उसी में लगा रहेगा ध्यान में नहीं अगर मैं आपको २४ घंटे भी भोजन से दूर रहने पर मजबूर करूँ आप शायद भोजन नहीं करेंगे बदले में आप भोजन का ध्यान करना शुरू कर देंगे। आप भोजन के अलावा कुछ भी सोचने के लायक नहीं रहेंगे। असल उपवास ऐसा नहीं होता है कि जो भोजन आपने किया ही नहीं उसका ध्यान करें, इसका मतलब होता है भोजन को पूरी तरह से भूल जाना। इस अंतर को सभी लोग नहीं समझ सकते। इसीलिए अपने को वंचित रखने का मार्ग सबके बस का नहीं है।
यह सभी शरीर को इस्तेमाल करने के अलग-अलग मार्ग हैं। कुछ ध्यानी शरीर को नियंत्रित करने के लिए तप मार्ग अपनाते हैं, परंतु जरूरी नहीं कि हर कोई इसी मार्ग का अनुसरण करे।
एक छोटी-सी कहानी :
पहाड़ों पर एक योगी ने कई साल तप के त्रुटि रहित नियमों का निर्वाह करने में बिताया। जटिल रीति-रिवाज और मंत्रों में वह माहिर हो गया। कई पवित्र ग्रंथ पढ़े और अनगिनत घंटे गहन विचार में बिताये। पंद्रह साल बाद जब योगी को लगा कि उसकी तपस पूरी हो गयी है,
वह मैदानों में उतर आया। जीवन में आध्यात्म की आवश्यकता पर योगी दूसरे लोगों को पढ़ाना चाहता था। वह एक छोटे से नगर में पहुंचा। उसके पहुंचने की खबर आग की तरह पूरे नगर में फैल गई। उसे एक आध्यात्मिक सभा में जाने का न्योता मिला। दूसरे मेहमानों में एक आधुनिक युवा गुरू भी था जो पारम्परिक तपस के नियमों में विश्वास नहीं रखता था।
जैसे ही योगी ने कक्ष में प्रवेश किया युवा गुरू योगी की ओर मुड़ा और अप्रिय शब्द कहे।
युवा गुरू की बातों से योगी बहुत आश्चर्यचकित हुआ जब उसने अपने अंदर गुस्से की एक लहर को बढ़ता हुआ पाया। इतने सालों की इतनी मेहनत के बाद भी एक अजनबी की कुछ बातों से उसके अंदर गुस्सा फिर से सर उठाने लगा।
बिना कोई उत्तर दिये ही योगी मुड़ा और चुपचाप कक्ष से बाहर जाने लगा। एक व्यक्ति दौड़ता हुआ आया और माफी मांगने लगा। योगी से वापस जाने के लिए कहने लगा। योगी ने शांत भाव से कहा, मेरा तपस पूरा नहीं हुआ है! मैं अभी भी सीख रहा हूं। मुझे अपना कार्य शुरू करने के लिए अब जाना चाहिए। मैं पूरी तरह से तैयार होकर लौटूंगा।
सबसे कठिन तपस है अपने आप पर क्रिया करना, अपने को समझना व बदलना।
अपने शरीर, चिंतन और भावनाओं को स्वच्छ रखने से बड़ा तपस नहीं है। यह तपस आप कहीं पर भी कभी भी कर सकते हैं। यह तो हुई ध्यान की सही नींव डालने के लिए जमीन की तैयारी।
जागरूकता ही कुंजी है
मैंने कहा है, शरीर को देखें, चिंतन को देखें, भावनाओं को देखें। दूसरे शब्दों में जागरूक बनें।
ध्यान की बुनियाद, केन्द्र और लक्ष्य जागरूकता है।
जागरूकता आपका संकेत शब्द है।
अधिक जागरूक बनने पर ही केन्द्र बिंदु होना चाहिए न कि कौन-सी तकनीक है, कौन-सा धर्म या कौन-सा आध्यात्मिक अनुशासन। यही वह सूत्र है जो पूरे किताब की हर तकनीक में मिलेगी।
जब आप किसी चीज को देखते हैं तो साक्षी बन जाते हैं, बाहरवाले बन जाते हैं। आप जिस चीज को देख रहे हैं उस चीज के साथ अपनी पहचान को छोड़ देते हैं। धीरे-धीरे आप देखते हैं कि वह आपसे अलग कोई चीज है।
अपने शरीर, दिमाग व चेतना के प्रति जागरूक बनकर आप उनसे मुक्त हो सकते हैं। अपने बुद्धिमता को जगाएं, अपनी चेतना को जगाएं। अपने शरीर की क्रिया को ऐसे देखें जैसे कि आप बाहरवाले हैं और आप अपने शरीर पर ध्यान न दें। अपने निरर्थक भागते हुए विचारों को देखें आप उसके साथ अपनी पहचान को त्याग देंगे। अपने चंचल और बदलते हुए भावनाओं को देखें और यह समझते देर नहीं लगेगी कि आप और आपकी भावनाएं अलगअलग हैं।
गहरी जागरूकता से ही आप स्वतन्त्र हो सकते हैं।
'जीवन में ध्यान' से 'ध्यान में जीवन'
अभी आप शुरूआती स्तर पर ही हैं ध्यान की खोज कर रहे हैं।
तभी आप पूछते हैं, मैं ध्यान को अपनी जीवन शैली में कैसे शामिल करूं? कितने घंटे अभ्यास करूं? कौन-सी तकनीक मेरे लिए सही है?
इस स्तर पर यह सवाल बिल्कुल सही है।
प्रारंभ में आप जीवन में ध्यान का अभ्यास करेंगे। बहुत सावधानी पूर्वक अपनी जीवन शैली में ध्यान को शामिल करना होगा। एक तकनीक को चुनकर प्रति दिन आधे घंटे या एक घंटे तक उसका अभ्यास करें। इस तकनीक को अपनाकर यदि आपको अच्छा अनुभव होता है तो बिना फल की आशा किए दस दिन तक इसे करें। यदि कोई तकनीक आपको छू जाती है तो किसी न किसी तरह आप बदलेंगे जरूर। कभी-कभी बदलाव बहुत सूक्ष्म होता है, और कभी कभी उसे अपने से ज्यादा दूसरे देख सकते हैं।
लोग मेरे पास आते हैं और कहते हैं स्वामीजी जबसे मैनें ध्यान का अभ्यास करना शुरू किया लोग कहते हैं कि मेरे चेहरे पर एक चमक है, मैं पहले से ज्यादा ऊर्जावान और सकारात्मक हो गया हूँ।
किसी न किसी स्तर पर बदलाव होना तय है। धैर्य से चमत्कार होते हैं इसीलिए अगर आपको फल नहीं मिल रहा है तो अधैर्य न हों।
जब आप कुछ तकनीकों का पता लगा लेंगे जिनके साथ आप सहजता का अनुभव करते हैं तब उसके साथ अभ्यास करने का आपका नियम बन जाएगा। धीरे-धीरे नई तकनीकों के पीछे भागना आप बंद कर देंगे। अभी यह तकनीकें आपके लिए नई और उत्तेजना से भरपूर है, आपका दिमाग कभी यह इस्तेमाल करने के लिए कहेगा तो कभी वह। यह तो एक मिठाई के दुकान में जाने जैसी बात है- जहां इतने प्रकार होते है कि आप यह तय ही नहीं कर पाते कि कौन सी मिठाई खाएंगे।
दिमाग आपसे जो भी कोशिश करने के लिए कहे करें। अपने आपको रोकें नहीं। जो भी आप करें पूरी ईमानदारी के साथ करें। अपनी पूरी ऊर्जा व प्रेरणा इस अभ्यास में डालें।
हर तकनीक का प्रयोग ऐसे करें जैसे कि वही आपके पास उपलब्ध एकमात्र तकनीक है। जिद्दी और अधैर्य न हों अन्यथा आप ध्यान की आत्मा का अनुभव कभी नहीं कर पाएंगे, ध्यान का विचार लेकर घूमते ही रह जाएंगे।
एक अनुभव ही काफी है।
ध्यान के मोह में पड़ने के लिए, ध्यान के आनंद की एक झलक ही काफी है।
तब आप मुझसे नहीं पूछेंगे कि कितने घंटे अभ्यास करना आवश्यक है। जब आप सुबह सोकर उठेंगे तो आपका पहला विचार ध्यान का होगा। स्नान करते वक्त, कपड़े बदलते वक्त, खाना खाते समय, सभी काम इतना ध्यानपूर्वक करेंगे कि हर पल ध्यान के साथ जीवित हो उठेगा। ध्यानशीलता आपके जीवन की स्वाभाविक अवस्था बन जाएगी। आप ध्यान में जीवन जीना प्रारंभ करेंगे।
मैं चाहता हूं कि आप अंत तक इस अवस्था को हासिल कर लें।
परंतु यह आसान नहीं है। प्रथमतः आप ध्यान के विचार के आदी हों। आपको हर रोज थोड़ी देर के लिए अभ्यास करना पड़ेगा, फिर उस अनुभव को पूरे दिन में फैलाएं।
इस किताब में आपको दोनों तरह के ध्यान की तकनीकों का संग्रह मिलेगा।
बैठने की तकनीकें तय कर लें कि इसका अभ्यास आप प्रतिदिन नियमित समय पर कितनी बार करेंगे।
कभी भी कहीं भी तकनीक, जिसका अभ्यास आप जैसे भी हो कर सकते हैं कभी भी कहीं भी तकनीकों का अभ्यास आप गाड़ी चलाते समय, कपड़े प्रेस करते समय, सोने के कमरे से रसोई तक जाते हुए भी कर सकते हैं।
यदि आप चाहें तो एक दो बैठने की तकनीकें और कभी भी कहीं भी तकनीक का चुनाव प्रति दस दिन के लिए कर सकते हैं। एक साथ कई तकनीकों का अभ्यास न करें आप किसी के साथ भी न्याय नहीं कर पाएंगे। सारे जीवन को ध्यान में बदलने का पहला कदम है कभी भी कहीं भी तकनीक।
सावधानी के दो शब्द
ध्यान एक स्वच्छता प्रणाली है। ऐसी घटनाएं घटेंगी जिसकी आपने आशा भी न की हो। जब आप प्रारंभ में ध्यान का अभ्यास करेंगे तो आपके शरीर व मानसिक स्थिति में असाधारण बदलाव होंगे। जीवन भर के दबावों और गतिरोधों को आप बाहर फेकेंगे, आप शरीर को ऐसी ऊर्जा से भर देंगे जिसकी उसे आदत ही नहीं। आप कूदेंगे, चीखेंगे, तेजी से चक्कर लगाएंगे ऐसी चीजें करेंगे जो आपने बहुत दिनों तक न की हो। किसी समस्या को हल करने के लिए आपके तंत्र को थोड़ा वक्त चाहिए।
शुरू में आपके शरीर में बहुत अधिक ऊर्जा का अनुभव होगा-सरदर्द, उंगलियों एवं पैर के पंजों में सनसनाहट अथवा झुनझुनाहट। यह सब कुछ अचानक ही अधिक ऊर्जा के आ जाने से होता है। किसी-किसी को दर्द, अनिद्रा, यहां तक की तनाव भी हो सकता है। परंतु यह सारी चीजें अस्थायी हैं। ध्यान करते रहो यह सब कुछ चला जाएगा।
यदि आपको कोई गंभीर रोग होता है, या कोई तकनीक आपको बहुत दिनों से तकलीफ दे रही है, तो अपने चिकित्सक से संपर्क करें या उस तकनीक को छोड़ दें।
पर इन सब परेशानियों से घबराकर किसी तकनीक का प्रयोग करना बंद न करें।
आगे बढ़ते जाएं और अपने आपको ध्यान में मिला दें। आप देखेंगे कि आपकी आंखों के आगे ही जिंदगी कैसे बदल जाती है।
बदलाव जिन्हें आप देखेंगे
ध्यान के साथ और किसका ख्याल रखेंगे?
जब प्रथम शारीरिक लक्षण शांत हो जाए तो आप स्वयं ही गहरे और अधिक दिनों तक चलने वाले बदलावों को देख सकेंगे। यह रसायनिक बदलाव अपरिवर्तनीय है। एक बार आप ध्यान के केन्द्र को छू लें, तो आपकी जिंदगी पहले जैसी कभी नहीं हो सकेगी।
आप कैसे समझ पाएंगे कि आपने वास्तव में ध्यान को स्पर्श किया है?
अपने अंदर इन बदलावों को खोजें।
सिर्फ मुक्ति
मुक्ति का आभास एक महत्वपूर्ण बदलाव है, जिसका अनुभव आप करेंगे।
मुक्ति क्यों? यहां मुक्ति का क्या काम?
क्या पता हम समझते हैं या नहीं, लेकिन पूरे जीवन काल में हममें से हर कोई मुक्ति की ही खोज करता है।
ध्यान मुक्ति की प्रबल खोज नहीं तो और क्या है? हमने सुन रखा है कि ध्यान से मुक्ति मिलती है, और मुक्ति पाने के लिए ही हम ध्यान की ओर मुड़ जाते हैं।
हम 'मुक्ति' शब्द का गलत मतलब निकालते हैं अपने दैनिक जीवन में खोज करते हैं 'मुक्ति के लिए' अथवा 'मुक्ति से'।
मुक्ति के लिए अपनी हर उस इच्छा को पूरा करना जिसे कभी हम करना या पाना चाहते थे। स्वतन्त्रता के साथ जीना जैसा हम सही समझते हैं।
मुक्ति से हर उस चीज, रोग, चिंता, गुस्सा, तनाव, दर्द इत्यादि से डर एवं घृणा।
हमारे सभी कामों में इन दो में से हमें कोई न कोई अवश्य प्रेरित करता है। कुछ अच्छा पाने का लोभ या कुछ बुरा होने का डर।
हमारा संपूर्ण जीवन लालच या डर के डोर से नियंत्रित होता है। परंतु यदि आप इन्हीं दो डोर से नियंत्रित होंगे तो उस मुक्ति का क्या होगा जिसकी प्रबल इच्छा आप में थी।
कुछ हफ्ते पहले मेरा एक कलाकार भक्त मुझसे बात कर रहा था। वह मुझे बता रहा था कि उसे ध्यान से नफरत क्यों है।
स्वामी जी मैं नियम और अनुशासन से नफरत करता हूं। मैं चाहता हूं कि जिस तरह से चाहूं उसी तरह से जिंदगी बिताने के लिए स्वतन्त्र रहूं। मैं सुबह दस बजे सोकर उठता हूं, सबसे पहले कॉफी पीता हूं, उसके बाद जब मेरा मन होता है तैरता हूं (उसने अपनी पूरी दिनचर्या मुझे बताई)।
तब मैंने उससे पूछा, कोई अगर तुम्हें सुबह छ: बजे ही नींद से उठा दे? या एक सुबह अगर तुम्हारी कॉफी बिस्तर पर न आए तो ?
मैं सच में पागल हो जाऊंगा! उसने हंसते हुए कहा। बारिश की वजह से तुम तैरने न जा सको तो? मैंने पूछा, यह सच में कष्टदायक होगा। यदि मैं तैरने नहीं जाता हूं तो मेरा सारा दिन बहुत बुरा बीतता है।
तब मैंने उससे पूछा
अगर तुम्हारी आजादी इतने सारे परिस्थितियों पर निर्भर है तो क्या तुम सच में आजाद हो?
सच में आजाद होना किसी भी चीज पर निर्भर नहीं करता।
इसी को मैं 'सिर्फ मुक्ति' कहता हूं। 'मुक्ति के लिए' या 'मुक्ति से नहीं।
पूरी तरह से वर्तमान पल में जीने से ही सिर्फ मुक्ति होती है। इस मुक्ति का अनुभव आपको तब होगा जब आप लालच या डर से नहीं बंधे होंगे, भविष्य की उम्मीद से या पूर्व की घटनाओं के प्रायश्चित से। मुक्ति जो किसी बाहरी परिस्थिति पर निर्भर नहीं करती है वही सही मायने में मुक्ति है। ध्यान से आपको इसी मुक्ति का अनुभव होगा।
बिना किसी कारण के स्नेह
ध्यान से आप एक अजीब अवस्था का अनुभव करना प्रारंभ करेंगे वह है स्नेह या प्रेम।
लोग हर तरह के चमत्कार के लिए तैयार रहते हैं, काल्पनिक दृष्टि के सच होने का, अपने पसंदीदा भगवान के दर्शन का इत्यादि परन्तु वही लोग प्रेम के चमत्कार के लिए तैयार कम ही होते हैं!
आप यह जानकर आश्चर्यचकित होंगे कि ध्यान में प्रवेश करने के बाद किस तरह आपके भीतर प्रेम का ज्वार उठता है और फैल जाता है। ध्यान के द्वारा आप कुछ जागरूकता का अनुभव करेंगे, अपने भीतर का वह स्तर जिसे आपने अभी तक नहीं छुआ। आप अपनी खुशी हर किसी के साथ बांटना चाहेंगे! प्रेम के रूप में यही खुशी आपमें से बाहर आएगी।
मुक्ति की ही तरह यह प्रेम पहले अनुभव किए गये किसी भी तरह के प्रेम से अलग होगा। अपने पूरे जीवनकाल में हम स्वार्थपरता से भरपूर प्रेम लेते व देते आए हैं। जानते हुए या अनजाने ही हम किसी कारण के लिए ही प्रेम करते हैं। बहुत ही घनिष्ठ संबंध में, पति-पत्नी या अभिभावक-संतान के बीच के प्रेम में भी छुपे कारण होते हैं। प्रेम ईर्ष्या व एकाधिकार की इच्छा रखने के कारण नष्ट हो जाता है।
जब आप ध्यान करेंगे तो आप समझेंगे कि बिना किसी कारण के प्रेम क्या होता है। पहली बार आप कुछ पाने के लिए नही देंगे। आप प्रेम बांटेंगे क्योंकि आपके पास बहुत है। जिस तरह बादल धरती पर पानी बरसाता है, ठीक उसी तरह पृथ्वी पर आप प्रेम बरसाइये या फूल जिस तरह से अपनी सुगंध चारों ओर बिखेरती है।
आप प्रेम करेंगे क्योंकि उसे रोक नहीं सकते!
असीमित खुशी
ध्यान करने से जीवन वह खुशी बन जाता है जिसका कोई कारण न हो।
जब खुशी किसी कारण की वजह से आती है, तो दर्द भी साथ लाती है, जल्दी हो या देर से हो।
यदि आप इसलिए खुश हैं क्योंकि आपने अच्छा भोजन किया है तो जैसे ही फिर से भूख लगेगी आपका जीवन दुखों से भर जाएगा। यदि आप इसलिए खुश हैं क्योंकि आपको प्यार हुआ है तो पहला झगड़ा होते ही आप दुखी हो जाएंगे। यह सभी के साथ होता है यह न सोचें कि आपके साथ नहीं होगा यह जीवन का नियम है।
जैसे ही खुशी का अंत होता है उसकी जगह दर्द ले लेता है। इसीलिए प्राचीन भारत में दर्द और खुशी दोनों को जताने के लिए केवल दर्द शब्द का प्रयोग किया जाता था।
ध्यान के द्वारा अनुभव हुई खुशी बाधा रहित होती है। आप स्वस्थ हों या बीमार हों आपकी खुशी एक जैसी ही होगी। ठंड हो चाहे गर्मी, बारिश हो या बर्फ गिरे खुशी वैसी ही रहती है। आपकी अपनी अवस्था या बाहरी परिस्थितियों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जब आप गहराई से भीतर की ओर जाते हैं तब आपकी अनुभव की हुई स्थाई खुशी को बाहरी परिस्थितियां बदल नहीं सकेंगी।
ज्ञान की जागृति
जीवन हर समय बदल रहा है। पल पल जीवन के प्रतिक्रिया करने की क्षमता को ही ज्ञान कहते हैं, उन चुनौतियों के प्रति सक्रिय होना जिन्हें जीवन हमारे सामने लाता है। ज्ञान को परिस्थितियों के प्रति जागरूक होना चाहिए, हर पल की मांग के अनुसार जवाबों को बदलना चाहिए। जब आप अपने ऊपर भरोसा नहीं रख पाते तो समाज, कानून और धर्म द्वारा बनाए गये नियमों पर निर्भर करना पड़ता है। बुद्धिमान व्यक्ति स्थापित नियमों के बिना ही जीता है। वह अपने आप पर निर्भर करता है, अपनी अन्त्रात्मा के मार्गदर्शन पर करता है, किसी और पर नहीं। ज्ञान आपकी जिम्मेदारी आप पर छोड़ता है। हम सभी जन्म के समय बुद्धिमान ही होते हैं परन्तु समाज हमसे भी चतुर होता है। बचपन से ही जब हम विकसित नहीं होते हैं समाज अपने नियम बनाकर हमारे ज्ञान के चारों ओर एक दीवार बनाकर उसे बांध देता है। वह हमारी शक्ति को स्वाभाविक रूप में बहने से रोकता है। अंतिम ज्ञान इन बंधनों को तोड़ने की क्षमता ही है।
ज्ञान को जगाने का निश्चित मार्ग है ध्यान, क्योंकि जो बंधन आपको बांधता है वह आपके मस्तिष्क में है।
ध्यान आपको चेतना से परे ले जाता है अर्न्तात्मा में। वहां पर कोई नियम नहीं होता। अपने संपूर्ण क्षमता की खोज करने के लिए आप आजाद हैं। ध्यान के द्वारा अचानक ही आप अपने आस-पास की परिस्थिति के साथ बहुत सहज रह सकेंगे। आप आसानी के साथ नई परिस्थितियों का सामना कर सकेंगे। स्वाभाविकता की पुनः खोज करेंगे।
अन्तर्दृष्टि का खिलना
अन्तर्दृष्टि, उस अर्थ में नहीं जिसमें हम साधारणतया इसका प्रयोग करते हैं। आपमें से कुछ लोग गहरी शारीरिक संवेदना का विकास करेंगे, कल्पना दृष्टि पाएंगे इत्यादि परंतु यह आवश्यक नहीं। यह तो विकास की विधि का सहायक उत्पादन है। सही अन्तर्दृष्टि स्पष्टता के साथ अपने आपको समझना व आवश्यकताएं पूरा करना है।
हम अपनी पूरी जिंदगी में कितनी सारी भूमिकाएं निभाते हैं। हर भूमिका, हर मौके के लिए हमारे पास अलग-अलग चेहरे हैं। माता-पिता, पति-पत्नी, डाक्टर, गृहिणी, मालिक........... यह सूची तो अंतहीन है। हम अपने पूरे जीवनकाल में कितने सारे चेहरे लगाकर घूमते हैं। समाज हम पर जिस तरह की भूमिकाएं थोपता है हम उसी से सोचते व जीते हैं। यही भूमिकाएं अन्त में हमारा व्यक्तित्व बन जाती हैं। ध्यान से हम अंतर की ओर जाते हैं। हम अपने अस्तित्व के बाहर जीते हैं। हम समग्र बनते हैं। हम व्यक्तित्व की ओर मुड़ते हैं।
व्यक्ति की निजी विशेषता बदल सकती है पर व्यक्तित्व नहीं। हर एक व्यक्ति अपने ढंग का अनोखा होता है। ध्यान के द्वारा आप अपने व्यक्तित्व को स्पर्श करते हैं। आप उसी दिशा में जाना शुरू करते हैं जहां अंत तक आप स्वयं को व्यक्त करते हैं, आवश्यकताओं को व्यक्त करते हैं। यही अन्तर्दृष्टि है।
आपके मार्ग में कांटे
ध्यान के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है अहम्। कोई भी मुश्किल आपके सामने आए, आप जान लें कि यह अहम् के ही विविध प्रकार हैं।
अहम् क्या है
अहम् और कुछ नहीं अपने आपके बारे में अपना विचार है। अहम् विचारों का संग्रह है एक काल्पनिक वस्तु। अहम् का वास्तव में कोई अस्तित्व नहीं होता है। फिर भी यह अहम् ही आपकी जिंदगी को नियंत्रित करता है।
यह अहम् ही तो है जो अलगाववाद को जन्म देता है।
जन्म के समय अहम् आपको आपकी मां से अलग करता है। जन्म के समय जैसे ही नाभि नाल कटता है और बच्चा मां से अलग होता है, ठीक उसी क्षण पहली बार बच्चे को अपनी सीमा का अहसास होता है। जन्म से पहले कोई अहम् नहीं होता है कोई सीमा नहीं होती। बच्चा तो अपनी मां का ही अंश होता है। जन्म के बाद पहले साल में ही अहम् आपकी और दुनिया की छवि बना देता है। अहम् ही आपमें 'मैं' और 'मेरा' की धारणा को पक्का करता है। अहम् आपको सबसे दूर ले जाती है। माता-पिता, दोस्त, अजनबी, प्रकृति, पूरे अस्तित्व से ही दूर ले जाता है। जीवन भर अहम् आपको 'मैं बनाम् वह' की स्थिति में डाले रखती है।
जब भी आप 'मैं' शब्द का उच्चारण करते हैं अस्तित्व से नाता तोड़ देते हैं। आप अस्तित्व का एक स्वाभाविक अंश हैं इसीलिए वास्तव में उससे नाता नहीं तोड़ सकते, लेकिन दिमागी तौर पर अवश्य अलग हो जाते हैं। आप अपनी एक दुनिया बनाते हैं जिसमें आप सबसे दूर रहते हैं। यह केवल एक मानसिक धारणा है जिसे हम अनुमति देते हैं, अपने सभी कार्यो पर राज करने की।
आपने लोगों को अवश्य ही कहते सुना है कि अहम् दुखों की जड़ है।
क्यों?
जहां पर विरोध, होता है वहीं पर अहम् पनपता है अहम् के जीवित रहने के लिए वही वातावरण सही है जहां अलगाव की धारणा पनपती है।
अहम् आपकी अपनी कल्पना की उपज हो सकती है परंतु वह है बड़ा ही धूर्त जीव ।
जीवित रहने के लिए अहम् वास्तविकता का विकृत रूप पेश करता है जिसमें हर चीज असमंजस की स्थिति में होता है। अपने जीवन की ओर देखें।
जब भी आपका किसी से अलगाव होता है, या अकेलापन अथवा ठगा हुआ महसूस करते हैं तो आपको अवश्य ही दर्द, गुस्सा, ईर्ष्या का अनुभव होता होगा। दुख के समय आप अपने को अकेला पाते हैं और खुशी के समय अपने को सबसे घिरा पाते हैं। जब आप प्रसन्न, खुश और हंसते हुए होते हैं तब आपका अहम् सबसे कमजोर होता है।
वर्तमान जीवन में आपको इन क्षणों का अनुभव कभी-कभी होता है। ध्यान आपको स्थाई रूप से परम सुख की अवस्था में ले जाएगा।ध्यान द्वारा आप संपूर्ण अस्तित्व के साथ सुर में बंध जाएंगे। ध्यान में अलगाववाद, अहम् के लिए कोई जगह नहीं है।
एक बार आप सबमें स्थाई सामंजस्य का अनुभव कर लेंगे, एक बार संपूर्ण अस्तित्व में मौजूद गहरे अन्तःसंबंध का पता चल जाता है तो अहम् को बनाए रखने की क्या आवश्यकता? अहम् दुनिया के ख़िलाफ़ आपका कवच है। युद्ध के समय अहम् आपकी ढाल है। यदि सब कुछ शांतिपूर्ण है, सद्भावपूर्ण है तो कवच और ढाल की क्या जरूरत।
इसीलिए ध्यान लगाते वक्त यह प्रक्रिया आपको इतना कठिन लगता है। ध्यान लगाना इतना आसान है। केवल शांत होकर बैठें व अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें। ध्यान सीखने या सीखाने की चीज नहीं है। यह तो बस हो जाता है।
परंतु कुछ देर शांत बैठने के लिए भी वास्तविकता की एक झलक पाना जरूरी है। कुछ पलों के लिए भी यदि आप बैठ सकते हैं, दौड़ते हुए विचारों को शांत कर सकते हैं तो सच्चाई को समझने के लिए यह काफी है। एक बार सच्चाई जान जाएंगे तो अहम् की जगह कहां है। अहम् अपने आप ही आपसे छूट जाएगा।
इसीलिए ध्यान और अहम् की लड़ाई इतनी जबरदस्त है। ध्यान से अहम् की मृत्यु हो जाती है।
सबसे बड़ी समस्या है अहम् की शक्तिशाली प्रतिरोधक क्षमता पर नजर रखना। जब आप ध्यान लगाते हैं तो अहम् हजारों सवाल करता है।
अहम् का सबसे घातक हथियार शक है।
अहम् आपके दिमाग में क्रमशः शक और सवाल पैदा करता है।
प्रारंभ में आप चिंता करेंगे,
क्या मैं सच में ध्यान कर सकूंगा?
क्या मैं कमर दर्द के साथ इतने घंटे बैठ सकूंगा?
क्या यह मार्ग मेरे लिए है?
क्या होगा अगर मैं गहराई से जुड़ जाऊं?
मेरे परिवार का क्या होगा?
मेरे दोस्त मुझे सनकी तो नहीं कहेंगे?
क्या मैं वाकई में सनकी हूं?
अगर आप किसी गुरू के साथ काम कर रहे हों, तो गुरू के खिलाफ आपके मन में शक पैदा करेंगे!
क्या गुरू सही है?
क्या वह जानते हैं मेरे लिए कौन-सी तकनीक सही है?
मुझे ध्यान सिखाने में उनका क्या उद्देश्य है?
क्या यह किसी प्रकार का मोह है?
तो अगर इस तरह के प्रश्न उठते हैं तो चिंता न करें।
इन प्रश्नों को छोड़ दें और ध्यान करते रहें। इन प्रश्नों के कारण अपने आपको दोषी न समझें! यह प्रश्न सभी के दिमाग में उठते हैं।
इन प्रश्नों से संघर्ष करने का प्रयास न करें। अहम् से लड़ने की गलती कभी मत करें। क्योंकि अहम् एक काल्पनिक धारणा है। इसका कोई सकारात्मक अस्तित्व नहीं है। अहम् और कुछ नहीं जागरूकता की कमी है। जिस तरह अंधकार रोशनी न होने की अवस्था है, उसी तरह अहम् जागरूकता न होने की अवस्था है।
अगर आप एक अंधेरे कमरे में हैं तो क्या आप अंधकार से लड़ पाएंगे, उसे दूर करके कमरे को उज्ज्वल कर पाएंगे? अंधेरे के खिलाफ संघर्ष करने का क्या मतलब? आप अंधकार का कोई हल नहीं निकाल पाएंगे। अंधकार की उपेक्षा करें और एक दीया जला लें। इस तरह अपनी शक्ति अहम् से लड़ने में बरबाद न करें।
ध्यान में जागरूकता लाने पर केंद्रित हों। धीरे-धीरे सारे सवाल अपने आप ही पीछे छूट जाएंगे।
दिमाग का सबसे बड़ा प्रवक्ता है अहम्।
शरीर की तरह ही दिमाग भी आपके हाथ का एक यंत्र है।
दिमाग एक चमत्कारी यंत्र है, बहुत शक्तिशाली।
यह सृजन का चमत्कार है। यह नमूने की श्रेष्ठाकृति है। दिमाग एक सामाजिक आवश्यकता है- इसके बिना हम इस दुनिया में नहीं जी पाएंगे।
हम भूल जाते है कि दिमाग एक यंत्र है- हम स्वयं ही दिमाग का यंत्र बन जाते हैं और पूरी तरह से उसके द्वारा नियंत्रित होते हैं।
वास्तविकता से अलग करने के लिए दिमाग एक बहुत बड़ा खेल खेलता है, भाषा के प्रयोग का।
शब्द ही हमें वास्तविकता से अलग करते हैं। हम जिस क्षण किसी चीज को सीखते हैं उसे याद करने की कोशिश करते हैं। जब आप किसी फूल को देखते हैं तो अपने आप से कहते हैं यह एक फूल है।वास्तविकता से दूर अव्यावहारिक धारणाओं से हम जिंदगी भर शब्दों को आत्मसात् करते हैं। परतशब्द अनुभव नहीं होते ।
फूलशब्द फूल नहीं है, प्रेम शब्द प्रेम नहीं है, आलोकितशब्द आलोकित नहीं है। शब्द आपके और वास्तविकता के बीच अवरोध पैदा करता है।
ध्यान को शब्दों की कोई आवश्यकता नहीं। ध्यान वास्तविकता का सीधा अनुभव है।
दिमाग इस तरह की व्यर्थ की बातों को लगातार करता रहता है। दिमाग आपको एक पल के लिए भी आराम करने नहीं देता । यह हमेशा ही आपके विचार, धारणा, राय बनाता रहता है और वास्तविकता को बिगाड़ने के लिए शब्द का प्रयोग करता है।
आप दिमाग का इस्तेमाल कैसे करते हैं?
जैसा कि मैंने अहम् के लिए कहा था, दिमाग से भी मत लड़िये। दिमाग के साथ संघर्ष करके आपको कुछ नहीं मिलेगा। वास्तव में आप संघर्ष भी नहीं कर सकते क्योंकि संघर्ष करना भी दिमाग का ही कार्य है। यह तो दिमाग के एक भाग का दूसरे भाग से संघर्ष करना होगा। इसके बदले में दिमाग के कार्यों का साक्षी बनें।
यह आसान नहीं होता है। विशेषकर इस मार्ग में, दिमाग बहुत खतरनाक साथी है। शुरू में वह आपके दिमाग में सभी तरह के डर और शक पैदा करेगा। जब आप विचारों का साक्षी बनने का प्रयास करेंगे तब आपको समझा देगा कि आप सच में साक्षी हैं। परंतु यदि आपका दिमाग आपको ऐसा बताता है तो इसका मतलब है कि दिमाग काम कर रहा है। अगर आप वास्तव में साक्षी बने हैं तो कोई मत, राय, यहां तक की धारणा भी नहीं होगी।
यह विचार है। मैं इनका गवाह बना हूं।
पर एक बात स्पष्ट रूप से समझ लें दिमाग आपका शत्रु नहीं है। सोचने में कोई खराबी नहीं है। यह किसी दूसरे चीज की तरह एक प्रक्रिया है। अपने आपको कभी लड़ने की स्थिति में न डालें। केवल दिमाग का अनुसरण करें, विचारों का अनुसरण करें। दिमाग के इस खेल का आनन्द लें।
जब आप अपने विचारों को देखना प्रारंभ करेंगे तो उनका बहाव धीरे धीरे कम होता जाएगा।
जैसे-जैसे आपकी जागरूकता गहरी होती जाती है, आप बहाव में पैदा हुए अंतरालों के बारे में महसूस करते हैं। एक अंतराल का अनुभव आपको क्षणिक तेज प्रकाश जैसा होता है। आपको एक झलक दिखती है और वह गायब हो जाती है। अंतराल जिसमें आप शांति का अनुभव करते हैं। धीरे-धीरे अंतरालें जल्द पैदा होने लगेंगी। इन अनुभवों से लगाव न होने दें। अंतरालों का इंतजार न करें। जब अंतरालें देर से आने लगें, तब आप प्रबल स्पष्टता के साथ केवल बाहरी दुनिया को ही नहीं बल्कि अंदरूनी दुनिया को भी देख सकेंगे।
यह शून्य का अनुभव है।
यह न सोचें कि यह आपके लिए बहुत मुश्किल है यह अवश्य होगा जब आप इसका अभ्यास ईमानदारी से करेंगे, पूर्णता के साथ।
ध्यान का आनंद कैसे लें
समय बनाएं
प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा समय ध्यान के लिए निर्धारित करके रखें। यदि आपने कभी भी कहीं भी ध्यान का अभ्यास करने की योजना बनाई है फिर भी प्रतिदिन आधा घंटा समय ‘बैठकर’ ध्यान के लिए रखें। शुरू में आवश्यकतानुसार आप ध्यान के अनुशासन कोसुधारेंगे। आवश्यक है कि आप सचेत होकर अभ्यास करें उस वातावरण में जो ध्यान के लिए बनाया गया हो।
सुनिश्चित कर लें कि इस समय के दौरान कोई आपको परेशान न करे। कोई भी काम-काज स्वीकार न करें। अपने परिवार और दोस्तों को जानने दें कि इस समय आपके लिए जरूरी है अकेला रहना। अच्छा हो आप प्रतिदिन एक ही समय नियत कर लें। शरीर और दिमाग रोज के नियमों का अभ्यस्त होता है। आप अगर एक ही समय पर हर दिन अभ्यास करेंगे तो उस समय आसानी के साथ ध्यान की अवस्था में आ जाएंगे।
जगह बनाएं
ध्यान के लिए एक साफ, शांत जगह को चुनें जो टूटी-फूटी न हो। अगर संभव हो तो घर के किसी कमरे को ध्यान का कमरा बना दें। अगर आपके घर में पूजा कमरा है तो वह आदर्श होगा। जिस जगह का प्रयोग पहले से ही पूजा या तपस्या के लिए किया जाता हो उसका शक्ति स्तर ऊंचा होगा और वह आपको ध्यान में मदद करेगा। अच्छा होगा कि आप प्रतिदिन एक ही जगह पर ध्यान लगाएं। यदि वह जगह घर के अंदर है तो निश्चित कर लें कि पर्याप्त सूर्य की रोशनी आए और हवादार हो। अगर जगह घर के बाहर है जैसे बाग में तो सुनिश्चित कर लें कि वह जगह एकांत में हो जहां बगीचे का शोर न पहुंचे।
आरामदायक महसूस करें
जब तक आप भौतिक दृष्टि से आरामदायक नहीं होंगें तब तक आप ध्यान नहीं लगा सकते। ध्यान में आवश्यक है कि आप अपने शरीर को भूल जाएं। अगर आपके शरीर में कष्ट होगा तो आप उसको कैसे भूलेंगे और उसके परे कैसे जाएंगे।
कुछ तकनीकों में आपको जमीन पर पालथी मारकर बैठना पड़ेगा। अगर आप इस तरह बैठने के आदि नहीं हैं, तो कुर्सी का प्रयोग करें पर जमीन पर बैठने की कोशिश करते रहें। अगर आप चाहें तो बैठने के स्थान पर तकिया लगा सकते हैं। लेटने की तकनीकों के लिए, कभी भी खाली फर्श पर न लेटें। दरी या चटाई का उपयोग करें।
ध्यान करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि पिछला भोजन आपने कम से कम दो घंटे पहले किया हो।
शुरू में ध्यान के वक्त आपको थोड़ी नींद आएगी। यह तमस (आलस) है जो आपके तंत्र को भारीपन का बोध कराएगी। नींद से लड़ने की कोशिश न करें- नहीं तो आप न सोने के काबिल रहेंगे न ध्यान करने के! नींद आए तो अपने आपको दोषी न समझें। अगर आपको नींद आए तो सो जाएं जब नींद पूरी हो जाए तब पुन: ध्यान करें बस।
प्र. क्या ध्यान भी एक कर्म हैं
उ. शुरूआत में हां। शांति के साथ बैठना भी कर्म करना है। अपने सांसों को महसूस करना भी कुछ करना है। शुरूआत में ध्यान भी एक कर्म जैसा लगेगा-क्योंकि आप कुछ ऐसा कर रहे हैं जो आपके लिए स्वाभाविक नहीं है।
जब आप कुछ स्वाभाविक कर रहे हैं-जैसे बैठना, यदि वह आप पर औपचारिक रूप से थोपा जाएगा तो वह प्रयत्न जैसा लगेगा।
क्या आप जानते हैं, केवल बैठना ही, ज़ेन ध्यान की एक तकनीक है परंतु वहां भी भाग लेने वाले कुछ पाने के लिए संघर्ष करते हैं।
हां शुरू में यह अवश्य ही एक प्रयास है। परंतु गहरे समझ बूझ के साथ देखा जाए तो ध्यान एक कर्म नहीं है-क्योंकि जब इसे सही तरीके से करते हैं, इसमें सफल हो जाते हैं तो सारे प्रयास गायब हो जाते हैं।
जब आप पूर्णतया आरामदायक स्थिति में होते हैं, फल पाने की कोशिश बंद कर देते हैं, केवल ध्यान का आनंद उठाते हैं, आप धीरे धीरे इस बात से अभिज्ञ होना बंद कर देंगे कि आप ध्यान कर रहे हैं। तब यह कोई कर्म नहीं रह जाएगा।
